जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, कई मामलों में ऑन द स्पॉट कार्रवाई

Spread the News

रामगढ़, 07 अक्टूबर: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने बारी-बारी से आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, विक्टिम कंपनसेशन स्कीम, जाति प्रमाण पत्र, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज एवं दखल-दिहानी, मुआवजा, रोजगार, नाली निर्माण समेत अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त के निर्देश पर कई पात्र लाभुकों को मौके पर ही संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की निष्पक्ष एवं गंभीरतापूर्वक जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।