‘प्रोजेक्ट समर्थ’ से PVTG-ST परिवारों को मिलेगा विकास का संबल

Spread the News

रामगढ़, 07 अक्टूबर: जिले में विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूह (PVTG) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट समर्थ’ के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। रामगढ़ प्रखंड की दोहाकातू पंचायत में आयोजित शिविर में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार, रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज एवं उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी शामिल हुए।

शिविर का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पात्र लाभुकों के बीच जॉब कार्ड, दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रोजेक्ट समर्थ के माध्यम से PVTG एवं ST परिवारों को आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन और आजीविका जैसी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया गया कि जिले के 34 चयनित गांवों में डोर-टू-डोर सर्वे कर परिवारों की जरूरतों और समस्याओं को चिन्हित किया गया है। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए पौष्टिक आहार प्रदर्शनी लगाई गई तथा अतिथियों ने गोद भराई कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

शिविर के बाद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बिरहोर बहुल टोलों का पैदल भ्रमण कर परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान स्वास्थ्य, पेयजल, आजीविका और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।