रामगढ़, 07 अक्टूबर: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय में हुई बैठक में उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत एवं छावनी परिषद के कार्यपालक अधिकारी विवेक सिंह ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में पूजा समितियों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने समितियों को आयोजन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप डीजे का संचालन करने और किसी भी कार्यक्रम के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी से आवश्यक अनुमति लेने का निर्देश दिया। प्रत्येक पंडाल के आसपास नजदीकी अस्पताल या मेडिकल सेंटर को टैग करते हुए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने को भी कहा गया। 10 अक्टूबर तक निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र जमा करने का निर्देश दिया गया।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सभी पूजा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम स्थापित करने पर जोर दिया। अग्निशमन उपकरण, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर वाली पर्ची रखने की अपील की।
छावनी परिषद के कार्यपालक अधिकारी ने भंडारा एवं प्रसाद वितरण में थर्माकोल और प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग नहीं करने तथा पर्याप्त डस्टबिन रखने का निर्देश दिया। दुकानों को निर्धारित स्थानों पर ही लगाने और पूजा के बाद पंडाल व सजावट हटाकर सार्वजनिक स्थलों को पूर्व स्थिति में लाने को कहा गया।
प्रशासन की सोशल मीडिया टीम द्वारा 24 घंटे निगरानी रखने की जानकारी देते हुए लोगों से अफवाह या असत्यापित खबर साझा नहीं करने की अपील की गई। बैठक में अपर समाहर्ता मनिंदर भगत, रविंद्र कुमार गुप्ता, एसपी अकरम रजा, एसडीपीओ आलोक रंजन समेत विभिन्न अधिकारी एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।