MGM मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर बड़ी कार्रवाई, 17 छात्र हॉस्टल से बाहर

Spread the News

सभी पर 25-25 हजार रुपये जुर्माना, 15 दिनों तक कक्षाओं से भी रहेंगे दूर

जमशेदपुर, 07 अक्टूबर: महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, जमशेदपुर में नए छात्रों के साथ रैगिंग के मामले में कॉलेज प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद कुल 17 छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। इनमें 2024 बैच के 14 और 2025 बैच के तीन छात्र शामिल हैं। प्रत्येक छात्र पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार, नए बैच के छात्रों ने 27 और 30 सितंबर को रैगिंग की शिकायत की थी। शिकायत के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान हॉस्टल में लगे सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कॉलेज प्रशासन ने दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया।

कार्रवाई के तहत 17 छात्रों को हॉस्टल तत्काल खाली करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही उन्हें 15 दिनों के लिए कक्षाओं से भी बाहर रखा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 बैच के तीन छात्रों को 8 अक्टूबर से शुरू होने वाली परीक्षा में शामिल होने से भी रोक दिया गया है। उनके परीक्षा परिणाम रोकने के लिए कोल्हान विश्वविद्यालय को पत्र भेजे जाने की जानकारी है।

कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। ड्यूटी में तैनात कुछ होमगार्ड जवानों को हटाकर नए जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कॉलेज परिसर में रैगिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।