झारखंड SIR: अंतिम मतदाता सूची की तारीख बढ़ाने की तैयारी, आयोग को भेजा गया प्रस्ताव

Spread the News

रांची, 07 अक्टूबर: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्वाचन विभाग ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की निर्धारित तारीख बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया है कि नोटिस जारी करने और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अतिरिक्त समय देने का प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेजा गया है।

मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार SIR के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को होना निर्धारित है। हालांकि बड़ी संख्या में आवेदनों, नोटिस और दस्तावेजों के सत्यापन का काम अभी जारी है। 30 सितंबर तक करीब 11.8 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता विवरण में सुधार से संबंधित आवेदन शामिल हैं।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, करीब 63 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन मामलों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर जरूरी दस्तावेज जुटाने और उनका सत्यापन करने में लगे हैं। ऐसे में पूरी प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।

इसी बीच निर्वाचन विभाग ने 7 से 9 अक्टूबर तक राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष डिजिटाइजेशन कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है। वहीं 10 अक्टूबर को मेगा हेल्पडेस्क लगाया जाएगा, जहां मतदाता नाम जुड़वाने, संशोधन, दावा-आपत्ति और नोटिस से संबंधित मामलों में सहायता ले सकेंगे।

अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। अंतिम सूची के प्रकाशन की नई तारीख निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगी।