कोल इंडिया PLR बोनस पर अहम बैठक, 1.96 लाख कर्मियों की टिकी नजर

Spread the News

कोलकाता, 04 अक्टूबर: कोल इंडिया लिमिटेड के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के वर्ष 2026 के प्रदर्शन आधारित पारिश्रमिक (PLR) यानी सालाना बोनस को लेकर शनिवार को कोलकाता स्थित कोल भवन में अहम बैठक शुरू हुई। बैठक में प्रबंधन और केंद्रीय ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों के बीच श्रमिक मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इसी दौरान वर्ष 2026 के PLR के निर्धारण को लेकर भी बातचीत होने की उम्मीद है।

एक अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार कोल इंडिया में 1,96,753 गैर-कार्यकारी कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों को इस वर्ष मिलने वाले PLR की राशि का निर्धारण अभी होना है। पिछले वर्ष यानी 2025 में गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को 1.03 लाख रुपये PLR मिला था।

बैठक में बीएमएस, एचएमएस, एटक और सीटू के प्रतिनिधि शामिल हैं। बैठक की शुरुआत में लेबर कोड, विशेष रूप से ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस (OSH) कोड-2020 से जुड़े प्रावधानों पर प्रस्तुतीकरण दिया जा रहा है। इसके बाद श्रमिक हितों से जुड़े अन्य मुद्दों के साथ PLR पर चर्चा होने की संभावना है।

इस बार PLR राशि को लेकर विभिन्न स्तरों पर अलग-अलग आंकड़ों की चर्चा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यूनियनें करीब 1.10 लाख रुपये तक की मांग कर सकती हैं, जबकि प्रबंधन की ओर से करीब 1.07 लाख रुपये तक की राशि पर सहमति बनने की चर्चा है। हालांकि बैठक से पहले ये आंकड़े आधिकारिक नहीं हैं और अंतिम राशि वार्ता के बाद ही तय होगी।

वर्ष 2020 में PLR 68,500 रुपये, 2021 में 72,500 रुपये, 2022 में 76,500 रुपये, 2023 में 85,000 रुपये, 2024 में 93,750 रुपये और 2025 में 1,03,000 रुपये रहा था।

PLR निर्धारण में इंटक की भागीदारी का मामला भी चर्चा में है। इंटक प्रतिनिधित्व को लेकर मामला कलकत्ता हाईकोर्ट में लंबित बताया जा रहा है। ऐसे में बैठक में इस मुद्दे पर भी नजर बनी हुई है।

करीब दो लाख कोयला कर्मियों और उनके परिवारों की नजर अब कोलकाता में चल रही इस बैठक के नतीजे पर है। PLR की अंतिम राशि पर फैसला होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस वर्ष कर्मचारियों को पिछले साल की तुलना में कितना अधिक भुगतान मिलेगा।