गांधी जयंती पर पंचायत सशक्तिकरण को मिली गति, 4.96 करोड़ की 152 योजनाओं का शिलान्यास

Spread the News

रामगढ़, 03 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर रामगढ़ जिले में ग्रामीण विकास और त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। पंचायत सशक्तिकरण योजना के तहत जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट मद से रामगढ़, पतरातू और गोला प्रखंड में कुल 4 करोड़ 96 लाख 76 हजार रुपये की लागत से 152 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न प्रखंड परिसरों में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों ने स्वच्छता, ग्रामीण विकास और पंचायतों को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

रामगढ़ प्रखंड परिसर में 36 लाख रुपये की लागत से छह योजनाओं का शिलान्यास हुआ। कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, रामगढ़ विधायक ममता देवी, जिला परिषद सदस्य, बीडीओ रवि रमेश और जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ प्रसाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

पतरातू में 2 करोड़ 52 लाख 76 हजार रुपये की लागत से 88 योजनाओं की आधारशिला रखी गई। यहां सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ प्रसाद, बीडीओ मनोज गुप्ता सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

वहीं गोला प्रखंड में 2 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से 58 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, बीडीओ सुधा वर्मा, प्रमुख, उपप्रमुख, सांसद प्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि शामिल हुए।

जिला प्रशासन के अनुसार चितरपुर, दुलमी और मांडू प्रखंड में भी शीघ्र ही डीएमएफटी मद से स्वीकृत योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं से पंचायत स्तर पर आधारभूत संरचनाओं के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।