रामगढ़, 02 अक्टूबर: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिले के सभी पेट्रोल पंपों एवं सीएनजी स्टेशनों पर ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ और ‘नो सीट बेल्ट, नो फ्यूल’ नियम का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप प्रबंधकों एवं संचालकों को निर्देशित किया है कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाकर पहुंचने वाले तथा बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल, डीजल अथवा सीएनजी उपलब्ध नहीं कराया जाए। इसके लिए पेट्रोल पंपों के प्रवेश एवं निकास द्वार पर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में ‘बिना हेलमेट/सीट बेल्ट के पेट्रोल नहीं मिलेगा’ संबंधी जागरूकता बैनर और होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा पेट्रोल पंप परिसरों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू एवं क्रियाशील रखने को कहा गया है, ताकि नियमों के अनुपालन की निगरानी की जा सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि औचक निरीक्षण के दौरान यदि किसी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट वाले वाहन चालकों को ईंधन उपलब्ध कराते पाया गया, तो संबंधित प्रबंधक या संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल कर अपनी तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।