एक सितंबर से फिर शुरू होगा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण

Spread the News

रामगढ़, 28 अगस्त:। रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एक सितंबर 2026 से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा दोबारा शुरू की जाएगी। इसको लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में गुरुवार को संबंधित अधिकारियों, नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, कचरा संग्रहण एजेंसी और पीएमसी प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को सुचारू रूप से संचालित करने, कचरे के नियमित उठाव, परिवहन और उचित निष्पादन सहित नगर परिषद क्षेत्र की समग्र स्वच्छता व्यवस्था पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि एक सितंबर से सभी संबंधित क्षेत्रों में घर-घर से कचरा संग्रहण का कार्य पुनः शुरू किया जाएगा।

बैठक में मुर्रामकला स्थित प्लांट में लंबे समय से जमा Legacy Waste के उठाव और सफाई का भी निर्णय लिया गया। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एजेंसी, रामगढ़ नगर परिषद और रामगढ़ कैंट के आपसी समन्वय से प्लांट में जमा कचरे का उठाव एवं सफाई 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाएगा।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए कचरे के संग्रहण, परिवहन और निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी और बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया।

नगर परिषद ने शहरवासियों से अपील की है कि घरों से निकलने वाला कचरा सड़क, नाली या खुले स्थान पर नहीं फेंकें। कचरा संग्रहण वाहन के पहुंचने पर उसी में कचरा दें। नागरिकों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके देने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन और नगर परिषद का सहयोग करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर रामगढ़ के निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाए।