रामगढ़ शहर में तीन बड़ी विकास परियोजनाओं पर मंथन, आधुनिक स्टेडियम और मल्टी परपज हॉल का प्रस्ताव

Spread the News

रामगढ़, 28 अगस्त: शहर में प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, छावनी परिषद रामगढ़ के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह समेत संबंधित अधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

बैठक में शहर की तीन प्रमुख परियोजनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इनमें छावनी फुटबॉल मैदान में क्रिकेट, बैडमिंटन समेत अन्य खेलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा रामगढ़ बस स्टैंड के समीप विभिन्न आयोजनों एवं समारोहों के लिए मल्टी परपज हॉल बनाने तथा सतकौड़ी कॉम्प्लेक्स के समीप स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण एवं विकास की योजना पर भी चर्चा हुई।

बैठक के दौरान संबंधित एजेंसी ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तावित परियोजनाओं की रूपरेखा और इनमें उपलब्ध कराई जाने वाली आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने परियोजनाओं के निर्माण, सुविधाओं, उपयोगिता और अन्य आवश्यक पहलुओं पर चर्चा करते हुए सुझाव दिए।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, सुविधाजनक और जनोपयोगी स्वरूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक पहलुओं का अध्ययन कर बेहतर कार्ययोजना तैयार करने और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। बैठक के बाद शहर के विकास से जुड़ी इन योजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की उम्मीद बढ़ी है।