रामगढ़ कॉलेज में खेलो इंडिया व युवा संवाद, खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव

Spread the News

रामगढ़, 27 अगस्त: युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से रामगढ़ महाविद्यालय में खेलो इंडिया संवाद एवं युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, माय भारत तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने खेल, सामाजिक सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर अतिथियों एवं प्रतिभागियों द्वारा पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद माय भारत रामगढ़ के युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए युवाओं को माय भारत से जुड़ी गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों को खेल के क्षेत्र में देश में हो रहे बदलावों, प्रधानमंत्री के विजन तथा आगामी ओलंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स को लेकर भारत की तैयारियों के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। संबोधन के बाद आयोजित युवा संवाद में प्रतिभागियों ने खेल और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुलकर अपनी बात रखी। युवाओं के विचारों और सुझावों को संकलित कर आगे की कार्यवाही में शामिल करने की बात कही गई।

रामगढ़ की युवा खिलाड़ी राजनंदिनी कुमारी ने राष्ट्रीय पैरालिंपिक्स प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन और अनुभव साझा किए। उन्होंने लॉन्ग जंप में तीसरा तथा जेवलिन थ्रो में दूसरा स्थान प्राप्त करने की जानकारी देते हुए पिछले 12 वर्षों में खेल सुविधाओं और आधारभूत संरचना में आए बदलावों पर प्रकाश डाला। वहीं धावक मोनू कुमार ने युवाओं को खेल के क्षेत्र में करियर बनाने और उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर शाहीन खान ने खेलों के महत्व पर कविता प्रस्तुत की। कार्यक्रम में युवाओं को ‘विकसित भारत नशा मुक्त’ अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। खेल प्रशिक्षक सिकंदर पाण्डेय सहित खिलाड़ियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मौके पर रामगढ़ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बिमल मिश्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष कुमार, माय भारत हजारीबाग के प्रोग्राम ऑफिसर उमेश कुमार, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. राजेश उपाध्याय, डॉ. रामाज्ञा, मोहित जैन, साजिद हुसैन सहित अन्य मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।