मुंबई में 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरी, दो की मौत, पांच घायल

Spread the News

मुंबई, 24 अगस्त: दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ‘भुलेश्वरचा राजा’ की करीब 22 फीट ऊंची विशाल गणेश प्रतिमा अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में पांच और सात वर्ष की दो बच्चियां भी शामिल हैं।

हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे भुलेश्वर के जय अंबे चौक, कबूतरखाना के पास बालाराम मर्चेंट रोड पर हुआ। प्रतिमा को पंडाल तक ले जाने के दौरान यह हादसा हुआ। प्रतिमा गिरने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान संकते नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है। घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशीद (26) शामिल हैं। घायलों को जीटी और जे.जे. अस्पताल में भर्ती कराया गया है और शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी में प्रतिमा के सपोर्टिंग फ्रेम में लगे नट-बोल्ट ढीले होने की बात सामने आई थी। वहीं, रविवार को पुलिस की प्रारंभिक जांच में वेल्डिंग सपोर्ट टूटने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा गणेश उत्सव से पहले प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान हुआ। हादसे ने उत्सव की तैयारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और विशाल प्रतिमाओं के परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।