18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा अगले एक माह में बनवाएं वोटर आईडी, नाम जुड़वाने का सुनहरा अवसर

Spread the News

रांची/रामगढ़, 06 अगस्त: झारखंड में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत अगले एक माह तक ऐसे युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर दिया जा रहा है, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या निर्धारित अर्हता तिथि के अनुसार मतदान के पात्र हो चुके हैं। राज्य में प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान नए मतदाता फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं, जबकि पहले से पंजीकृत मतदाता अपने नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।

निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन जमा करें। आवेदन बूथ लेवल अधिकारी, संबंधित निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी कार्यालय अथवा निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और सूची को त्रुटिरहित बनाना है।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा संशोधन से संबंधित सभी आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा। युवाओं से आग्रह किया गया है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें और यह भी सुनिश्चित करें कि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो, ताकि वे आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।