धनवार में दिनदहाड़े यूको बैंक में भीषण डकैती, 10 लाख नकद समेत चार करोड़ के जेवरात लूटे

Spread the News

पांच हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने बैंककर्मियों और ग्राहकों को बनाया बंधक, थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई वारदात

गिरिडीह, 06 नवंबर: झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार में अपराधियों ने गुरुवार को दिनदहाड़े बैंक लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। धनवार बाजार स्थित यूको बैंक की शाखा में पांच हथियारबंद नकाबपोश अपराधी घुसे और बंदूक की नोक पर बैंककर्मियों एवं ग्राहकों को बंधक बनाकर लाखों रुपये नकद और करोड़ों के सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बैंक पहुंचे थे। दोपहर करीब 1:40 बजे बैंक में प्रवेश करने के बाद उन्होंने हथियारों के बल पर वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैंक प्रबंधक पर दबाव बनाकर लॉकर खुलवाया और उसमें रखे सोने के जेवरात लूट लिए। अपराधियों ने बैंक के कैश काउंटर से भी नकदी समेट ली। पूरी वारदात को लगभग 20 मिनट के भीतर अंजाम दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधी करीब 8 से 10 लाख रुपये नकद और लगभग तीन से चार करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात लूटकर फरार हुए हैं। हालांकि, लूटे गए सामान का वास्तविक मूल्य बैंक की जांच और मिलान के बाद स्पष्ट होगा।

घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यूको बैंक की शाखा धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने चार से पांच अपराधियों के शामिल होने की पुष्टि की है। पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।

दिनदहाड़े थाना के इतने करीब बैंक में हुई इस बड़ी डकैती ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।