त्योहारों से पहले रामगढ़ में मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, चार नमूने जांच के लिए भेजे

Spread the News

दो होटलों से काजू बर्फी, बेसन लड्डू और कलाकंद के सैंपल संग्रहित

रामगढ़, 06 नवंबर: आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने और आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों एवं होटलों में सघन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा के नेतृत्व में कोठार फ्लाईओवर से थाना चौक होते हुए मेन रोड तक विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान होटल निराला, पवन होटल, मुखिया होटल, एमआर स्वीट्स, विशुराम नमकीन, शालीमार स्वीट्स, राज रसोई नेक्स्ट, रसराज, राजस्थान कलेवालय, चौपाटी और गोकुल स्वीट्स की जांच की गई।

जांच के दौरान राज रसोई नेक्स्ट से काजू बर्फी एवं बेसन लड्डू तथा राजस्थान कलेवालय से कलाकंद एवं काजू बर्फी के कुल चार नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। विभाग ने प्रतिष्ठान संचालकों को दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायर्ड सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने तथा प्रतिबंधित सामग्री एवं पेय पदार्थों का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।