शहरी तकनीकी क्षेत्र के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
रामगढ़, 06 नवंबर: जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत गुरुवार को सिद्धू-कान्हू मैदान में शहरी तकनीकी क्षेत्र के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 1,026 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 743 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 283 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शहरी तकनीकी क्षेत्र की महिला अभ्यर्थियों के लिए कुल 182 सीटों पर परीक्षा निर्धारित थी। इनमें 136 अभ्यर्थी उपस्थित हुईं, जबकि 46 अनुपस्थित रहीं। वहीं, पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित 844 अभ्यर्थियों में से 607 ने परीक्षा दी और 237 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए परीक्षा स्थल पर विशेष निगरानी रखी गई। निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत केवल अभ्यर्थियों को ही मैदान में प्रवेश की अनुमति दी गई। साथ ही, परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया था।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
जिला प्रशासन के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, आज 6 नवंबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षा स्थल पहुंचने तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।