सुमित अग्रवाल हत्याकांड: SIT की बड़ी सफलता, दो और आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त दो चाकू व बुलेट बाइक बरामद

Spread the News

रामगढ़, 04 अगस्त: बहुचर्चित सुमित अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही विशेष जांच दल को एक और बड़ी सफलता मिली है। जांच के क्रम में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त दो चाकू तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार सोनी (23 वर्ष), पिता दशरथ प्रसाद सोनी तथा अभिषेक कुमार साव (25 वर्ष), पिता अरुण साव, दोनों निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

SIT की पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो चाकू तथा घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल (JH-24P-4489) बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि इस बरामदगी से मामले की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट तैयार की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी SIT ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का शिकंजा और कस गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा हत्या की साजिश, सभी आरोपियों की भूमिका और घटना के पीछे के कारणों का भी गहनता से पता लगाया जा रहा है।

रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस चर्चित हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।