कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा एनकाउंटर में ढेर, साहिबगंज से धनबाद जेल शिफ्टिंग के दौरान भागने की कोशिश हुई जानलेवा

Spread the News

जामताड़ा में पुलिस से मुठभेड़, घायल गैंगस्टर ने अस्पताल में तोड़ा दम; झारखंड के कई जिलों में फैला था आपराधिक नेटवर्क

रांची/जामताड़ा, 03 अगस्त: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसे साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा के पास उसने पुलिस टीम पर हमला कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से सुजीत सिन्हा को साहिबगंज जेल से धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि रास्ते में उसने फरार होने का प्रयास किया और इस दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में उसे गोली लगी, जबकि पुलिस के अन्य जवान सुरक्षित बताए गए हैं।

सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे चर्चित अपराधियों में गिना जाता था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आपराधिक साजिश और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज थे। धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची समेत कई जिलों में उसका नेटवर्क सक्रिय रहा था। हाल के महीनों में उसका नाम अन्य संगठित अपराधी गिरोहों के साथ गठजोड़ को लेकर भी सामने आया था।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि एनकाउंटर से जुड़े सभी तथ्यों की नियमानुसार जांच कराई जाएगी। सुजीत सिन्हा की मौत को झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।