‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान में युवाओं का उत्साह, विजेताओं को किया गया सम्मानित

Spread the News

रामगढ़, 28 जुलाई: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), रामगढ़ की ओर से राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय जागरूकता एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड संख्या-7 के पार्षद अविनाश उपाध्याय एवं हजारीबाग के जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां भारती और मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

अपने संबोधन में अविनाश उपाध्याय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की क्षमता और परिवार की खुशियों को खत्म कर देता है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर शिक्षा, खेल, सेवा और संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने कहा कि संगीत, नृत्य, साहित्य, रंगमंच और अन्य रचनात्मक गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देती हैं तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। माय भारत के रामगढ़ युवा प्रतिनिधि नितेश कुमार मोदी ने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।

कार्यक्रम के तहत नृत्य, समूह गीत, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, भाषण, स्लोगन लेखन, स्लोगन प्रस्तुति और रील निर्माण सहित आठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।

समापन अवसर पर विजेताओं एवं प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी उपस्थित युवाओं ने नशामुक्त भारत की शपथ लेते हुए समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन तेजवंत तरुण एवं महेश कुमार ने किया। इस मौके पर डॉ. संजय सिंह, डॉ. ताराशंकर अग्रवाल, महेंद्र सिंह, अनंत ज्ञान, आनंद रौशन, वैभव शर्मा, प्रो. पिंकी कुमारी, संजय अग्रवाल, स्नेहिल, राम देबनाथ, आदर्श पाठक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।