रामगढ़, 22 जुलाई। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग की ओर से बुधवार को सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान यातायात नियमों के पालन, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान भौतिकी विभाग के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सुरक्षित ड्राइविंग की आदतों को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने अपने शुभकामना संदेश में कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी आयोजकों, शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि “सड़क सुरक्षा जागरूकता ही सुरक्षित भविष्य की नींव है।” उन्होंने विद्यार्थियों से ट्रैफिक नियमों का ईमानदारी से पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. डी.के. कुशवाहा ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि युवा वर्ग यातायात नियमों के प्रति जागरूक होगा, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा सड़क सुरक्षा की शपथ लेने के साथ हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान के लिए भौतिक विज्ञान विभाग की ओर से राहुल चंद्र मंडल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया।