गिद्दी में CCL कर्मी मंगलेश पाल हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पत्नी और प्रेमी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the News

अनुकंपा पर नौकरी पाने और प्रेमी से शादी करने के लिए हत्या की साजिश रचने का आरोप, पुलिस ने धारदार हथियार समेत कई साक्ष्य किए बरामद

गिद्दी (रामगढ़), 21 अक्टूबर: गिद्दी थाना क्षेत्र के गिद्दी ए मेनगेट निवासी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी उर्फ नीतू, उसके कथित प्रेमी कौशिक कुमार नौनिया और एक नाबालिग की संलिप्तता सामने आई है। मामले में दोनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग को निरुद्ध कर उसके खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की पत्नी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी से शादी करने और पति की मृत्यु के बाद CCL में अनुकंपा के आधार पर नौकरी हासिल करने के उद्देश्य से हत्या की साजिश रची थी। वारदात को लूटपाट का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश किए जाने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे गिद्दी पुलिस को सूचना मिली कि गिद्दी ए मेनगेट स्थित CCL कर्मी के आवास में लूटपाट के दौरान उनकी हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस के निर्देश पर बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ की। तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाने का दावा किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खून लगा दाउली और चाकू, खून लगा पोछा, आरोपियों के खून लगे कपड़े एवं चप्पल तथा मोबाइल फोन और जले हुए मोबाइल के अवशेष बरामद किए हैं। इन साक्ष्यों को जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मृतक की बहन की शिकायत पर गिद्दी थाना कांड संख्या 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।