जमशेदपुर, 03 जुलाई: बिष्टुपुर में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में आज जमशेदपुर बंद का आह्वान किया गया है। भारतीय जनता पार्टी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ बंद का समर्थन किया है।
बंद की घोषणा के बाद शहर का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। पार्टी ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है।
सरयू राय ने बताया कि शहर में बढ़ते अपराध, चापड़बाजी और असुरक्षा के माहौल के विरोध में 2 जुलाई को मशाल जुलूस निकाला गया, जबकि 3 जुलाई को शांतिपूर्ण बंद आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने नागरिकों से स्वेच्छा से बंद का समर्थन करने की अपील की है।
दूसरी ओर, प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पहले से लागू निषेधाज्ञा वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
गौरतलब है कि बिष्टुपुर स्थित एक बार के बाहर हुए हमले में घायल हिमांशु सिंह की मौत के बाद पूरे शहर में आक्रोश है। इसी घटना को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है और 3 जुलाई के बंद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।