रामगढ़ में एफएमडी मुक्त अभियान की शुरुआत, उपायुक्त ने वैक्सीनेशन वाहन को दिखाई हरी झंडी

Spread the News

रामगढ़, 03 जुलाई: भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से संचालित एफएमडी (फुट एंड माउथ डिजीज) मुक्त रामगढ़ अभियान के तहत गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज ने समाहरणालय परिसर से वैक्सीनेशन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पशुपालन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने कहा कि मुंहपका-खुरपका (एफएमडी) पशुओं में फैलने वाला अत्यंत संक्रामक रोग है, जिससे पशुधन और दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने जिले के सभी पशुपालकों से अपने गाय एवं भैंसों का निःशुल्क टीकाकरण कराने की अपील करते हुए अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

जिले में 1 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान कुल 1 लाख 29 हजार 300 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रखंडवार लक्ष्य में पतरातू में 27,950, मांडू में 33,700, रामगढ़ में 16,400, दुलमी में 13,800, गोला में 31,150 तथा चितरपुर में 6,300 पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा।

जिला पशुपालन विभाग के अनुसार प्रशिक्षित टीकाकरण दल गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं का पूरी तरह निःशुल्क टीकाकरण करेंगे। टीकाकरण से पहले प्रत्येक पशु के कान में भारत सरकार द्वारा निर्धारित यूआईडी टैग लगाया जाएगा तथा भारत पशुधन ऐप में उसका पंजीकरण किया जाएगा। इसके लिए पशुपालकों को अपने मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी टीकाकरण दल के साथ साझा करना होगा।

उपायुक्त ने कहा कि नियमित टीकाकरण से पशुओं को गंभीर संक्रामक रोगों से सुरक्षा मिलेगी, दुग्ध उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी। जिला पशुपालन विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य रामगढ़ जिले को मुंहपका-खुरपका रोग से मुक्त बनाकर सुरक्षित एवं समृद्ध पशुधन का विकास करना है।