राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के छात्र शिवम कुमार सिंह ने राष्ट्रीय परीक्षा में हासिल की AIR-278

Spread the News

एमसीए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट-2026 में शानदार सफलता, विश्वविद्यालय और झारखंड का बढ़ाया मान

रामगढ़, 02 जुलाई: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ के कंप्यूटर साइंस एवं टेक्नोलॉजी विभाग के बीसीए (सत्र 2023-27) के छात्र शिवम कुमार सिंह ने एमसीए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (MCA-CET)-2026 की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 278 प्राप्त कर विश्वविद्यालय, अपने परिवार तथा पूरे झारखंड का गौरव बढ़ाया है।

शिवम कुमार सिंह रामगढ़ के हीरक नगर, रांची रोड निवासी मिथलेश कुमार सिंह के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने शिवम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन, समर्पण और विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवम की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार तथा कंप्यूटर साइंस एवं टेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने भी शिवम कुमार सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपनी सफलता पर शिवम कुमार सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और राधा गोविन्द विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए उत्कृष्ट शैक्षणिक मार्गदर्शन एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी कड़ी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए देश और समाज के लिए बेहतर योगदान देने का प्रयास करेंगे।