पटना मेट्रो की बड़ी सौगात: ISBT से मलाहीपकड़ी तक आज से दौड़ेगी मेट्रो, हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत

Spread the News

पटना, 2 जुलाई। बिहार की राजधानी पटना के लोगों को आज एक बड़ी सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना मेट्रो के विस्तारित कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे, जिसके बाद अब मेट्रो सेवा न्यू ISBT से मलाहीपकड़ी स्टेशन तक शुरू हो जायेगी। इस विस्तार के साथ राजधानी में मेट्रो की पहुंच और बढ़ जाएगी तथा हजारों दैनिक यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

मलाहीपकड़ी स्टेशन के शुरू होने से अब प्राथमिक कॉरिडोर पर न्यू ISBT, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाहीपकड़ी सहित कुल पांच स्टेशनों के बीच मेट्रो का परिचालन होगा। यह विस्तार विशेष रूप से कंकड़बाग, राजेंद्रनगर और आसपास के इलाकों के यात्रियों के लिए राहत लेकर आया है, जहां सड़क जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।

उद्घाटन समारोह के कारण गुरुवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहीं। इसके बाद शाम 4 बजे से नियमित परिचालन शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, नए स्टेशन के चालू होने से शहर में यात्रा का समय घटेगा और लोगों की निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।

पटना मेट्रो परियोजना बिहार की पहली मेट्रो रेल सेवा है। इसका उद्देश्य राजधानी की बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को कम करना है। परियोजना के अगले चरणों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार शहर के अन्य प्रमुख इलाकों तक किया जाएगा, जिससे पटना की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।