जमशेदपुर के नए SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब ने संभाला पदभार, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर रहेगा फोकस

Spread the News

जमशेदपुर, 03 जुलाई: झारखंड सरकार द्वारा हाल ही में किए गए पुलिस प्रशासनिक फेरबदल के बाद 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने पूर्वी सिंहभूम के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने बुधवार देर रात जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उनका स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. वकारिब ने पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के साथ प्रारंभिक समीक्षा बैठक की और जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने संकेत दिया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, आम नागरिकों की सुरक्षा और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।

डॉ. एहतेशाम वकारिब इससे पहले सीआईडी में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर कार्यरत थे। झारखंड सरकार ने हाल के प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें जमशेदपुर का नया SSP नियुक्त किया है। यह बदलाव शहर में हाल ही में हुई चर्चित हत्या की घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच किया गया है।

नए एसएसपी के पदभार संभालने के साथ ही पुलिस महकमे को उम्मीद है कि जिले में अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों की त्वरित जांच तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में नई पहल देखने को मिलेगी।