मोहर्रम को लेकर रामगढ़ और चितरपुर में फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

Spread the News

रामगढ़, 26 जून: मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को रामगढ़ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा रामगढ़ शहर तथा चितरपुर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा और लोगों को शांति, भाईचारे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिरकी, गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

अधिकारियों ने आमजन से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मोहर्रम मनाने की अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने का आग्रह किया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।