रांची, 25 जून: झारखंड सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों तथा ग्रामीण युवाओं की आय बढ़ाने के उद्देश्य से व्यावसायिक बकरी पालन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य मंत्रिपरिषद ने बकरी पालन इकाइयों की स्थापना के लिए अधिकतम 70 प्रतिशत तक सब्सिडी देने की योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस योजना के तहत इच्छुक लाभुकों को आधुनिक बकरी फार्म स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का मानना है कि झारखंड की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियां बकरी पालन के लिए अनुकूल हैं। ऐसे में इस व्यवसाय को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। योजना का लाभ विशेष रूप से किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, बेरोजगार युवाओं तथा पशुपालकों को मिलेगा।
राज्य सरकार के अनुसार, बकरी पालन से मांस उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण परिवारों की आमदनी में भी वृद्धि होगी। योजना के सफल क्रियान्वयन से पशुपालन क्षेत्र को नई गति मिलने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार जल्द ही आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगी।