CUET-UG 2026 का रिजल्ट जारी, देविना गहलोत बनीं ऑल इंडिया टॉपर

Spread the News

नई दिल्ली, 25 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। देशभर के लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार मंगलवार को समाप्त हो गया और उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं।

इस वर्ष दिल्ली की छात्रा देविना गहलोत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। उन्होंने 1250 में से 1232.19 एनटीए स्कोर प्राप्त किया। NTA के अनुसार एक अभ्यर्थी ने अपने चुने गए पांच विषयों में से चार में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया है। वहीं 22 छात्रों ने तीन विषयों में, 180 छात्रों ने दो विषयों में तथा 3,214 छात्रों ने एक विषय में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किए।

NTA के आंकड़ों के अनुसार CUET-UG 2026 के लिए 15.68 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 11.64 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

परिणाम घोषित होने के बाद अब केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार अपने-अपने विश्वविद्यालयों द्वारा जारी काउंसिलिंग और मेरिट सूची का इंतजार कर रहे हैं।