छात्र और परिवार परेशान, शिकायत के बाद NTA ने तकनीकी गड़बड़ी स्वीकार कर नया एडमिट कार्ड जारी करने का दिया आश्वासन
नई दिल्ली/नागपुर, 20 जून: NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से ठीक एक दिन पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) एक बार फिर विवादों में घिर गई है। महाराष्ट्र के नागपुर निवासी 18 वर्षीय छात्र अब्दुल्लाह मोहम्मद तालिब को 21 जून को होने वाली NEET री-एग्जाम के लिए महाराष्ट्र के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। इस अप्रत्याशित आवंटन से छात्र और उसके परिवार में चिंता फैल गई।
परिजनों के अनुसार, छात्र ने आवेदन के दौरान स्थानीय परीक्षा केंद्रों का चयन किया था। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने पर पता चला कि परीक्षा केंद्र अबू धाबी में दिया गया है। छात्र के पास न तो पासपोर्ट है और न ही इतनी कम अवधि में विदेश यात्रा की व्यवस्था करने के लिए संसाधन उपलब्ध हैं।
मामला सामने आने के बाद NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। एजेंसी ने प्रारंभिक जांच में इसे तकनीकी गड़बड़ी (टेक्निकल ग्लिच) बताया और स्वीकार किया कि केंद्र आवंटन में त्रुटि हुई है। NTA ने छात्र को आश्वस्त किया कि संशोधित एडमिट कार्ड जारी कर उसे नागपुर या नजदीकी उपयुक्त केंद्र आवंटित किया जाएगा।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जा रही है। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में होगी। इससे पहले भी एडमिट कार्ड और पोर्टल संबंधी तकनीकी समस्याओं को लेकर NTA आलोचनाओं का सामना कर चुका है।
इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों ने राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षाओं में ऐसी लापरवाही पर नाराजगी जताई है। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा केंद्र आवंटन जैसी बुनियादी प्रक्रिया में त्रुटियां विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को बढ़ाती हैं और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।