एक अंक से चूकी रामगढ़ की बेटियां, जूनियर राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में बनीं उप-विजेता

Spread the News

रामगढ़, 19 जून: जामताड़ा के गांधी मैदान में आयोजित 20वीं जूनियर बालिका राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में रामगढ़ जिला की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उप-विजेता (द्वितीय स्थान) का खिताब हासिल किया। फाइनल मुकाबले में रामगढ़ की टीम को रांची के हाथों महज एक अंक के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय खो-खो महासंघ के दिशा-निर्देशों के तहत पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार तथा जिला प्रशासन जामताड़ा के सहयोग से किया गया था। प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 31 मई 2026 तक जामताड़ा जिला खो-खो संघ, ऑल स्पोर्ट्स एकेडमी और झारखंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

प्रतियोगिता से लौटने के बाद रामगढ़ टीम की खिलाड़ियों ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त ऋतुराज से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उपायुक्त ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उपायुक्त ने कहा कि एक अंक से पीछे रह जाना हार नहीं, बल्कि भविष्य की बड़ी उपलब्धियों की नींव है। उन्होंने खिलाड़ियों के जज्बे और खेल भावना की प्रशंसा करते हुए भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

इस अवसर पर उप-विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने भी टीम को बधाई देते हुए कहा कि रामगढ़ की बेटियों ने राज्य स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने उपायुक्त से मुलाकात की। मौके पर झारखंड राज्य खो-खो संघ के संतोष प्रसाद, नवीन कुमार ठाकुर, प्रकाश ओझा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। रामगढ़ टीम के शानदार प्रदर्शन से जिले में खेल प्रेमियों के बीच खुशी का माहौल है।