रामगढ़, 19 जून: आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा जुलूस मार्गों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी जुलूसों की सूची तैयार कर उनका भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं और इस पर थाना स्तर पर विशेष निगरानी रखी जाए।
बैठक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से संवेदनशील स्थलों तथा जुलूस मार्गों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर टूटे या झूलते तारों को तत्काल दुरुस्त करने तथा थाना प्रभारियों को मार्गों पर आवागमन में बाधा बनने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई सुनिश्चित कराने को कहा गया।
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री पर विशेष नजर रखने, सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जुलूस में उपयोग होने वाले वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सभी अधिकारियों को मोहर्रम समितियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर आपसी संवाद एवं सहयोग के माध्यम से पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त फ्लैग मार्च आयोजित करने तथा चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति कर नियमित सूचना संकलन करने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि की गई कार्रवाई का संयुक्त प्रतिवेदन 22 जून तक उपलब्ध कराया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित थे।