झारखंड में मॉनसून की दस्तक: संथाल परगना से हुई एंट्री, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Spread the News

रांची, 13 जून: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने शुक्रवार को पूर्वी हिस्सों में प्रवेश कर लिया। मॉनसून की एंट्री संथाल परगना क्षेत्र के रास्ते हुई है, जिसके बाद राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में व्यापक वर्षा की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

गुरुवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह धूप और आंशिक बादलों के बीच दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और कई जिलों में तेज बारिश हुई। कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली तथा मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 13 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी-खासी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से पूर्वी और दक्षिणी जिलों में भारी वर्षा के साथ तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है।

विभाग ने शुक्रवार के लिए पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले मैदानों में नहीं जाने तथा बिजली गिरने की घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

मॉनसून के आगमन से किसानों में भी उत्साह का माहौल है। समय पर बारिश होने से धान समेत खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने की उम्मीद है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह वर्षा होती रही तो खेती-किसानी के लिए यह मौसम बेहद लाभकारी साबित होगा।