21 जून को ‘योगमय झारखंड 2026’ का आयोजन, रामगढ़ में शिक्षकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

Spread the News

रामगढ़, 13 जून: आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, रामगढ़ में जिला स्तरीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के सभी प्रखंडों से चयनित शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने भाग लिया।

शिविर में पतंजलि के योग प्रशिक्षक रजनीकांत राठौड़ और सीमा कुमारी ने प्रतिभागियों को योग की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने आसन, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार का व्यावहारिक अभ्यास कराते हुए योग के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। साथ ही शिक्षकों को अपने-अपने विद्यालयों एवं क्षेत्रों में विद्यार्थियों और आम लोगों को सही तरीके से योग सिखाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में ‘योगमय झारखंड 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके सफल संचालन के लिए चरणबद्ध प्रशिक्षण और तैयारी की रूपरेखा बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

प्रशासन का मानना है कि नियमित योग अभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का भी विकास होता है। इसी उद्देश्य के साथ जिले में योग जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।