रामगढ़ बाजार समिति में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

Spread the News

गायत्री भंडार, शुभम ट्रेडिंग और मंगी ट्रेडर्स से लिए गए नमूने, दुकानदारों को स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के पालन का निर्देश

रामगढ़, 28 अक्टूबर: उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग, रामगढ़ की टीम ने बाजार समिति एवं आसपास के क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के चार विधिक नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य जांच प्रयोगशाला, रांची भेजे गए।

निरीक्षण अभियान के क्रम में गायत्री भंडार से सूजी, शुभम ट्रेडिंग से एमडीएच गरम मसाला तथा मंगी ट्रेडर्स से मयूर हल्दी पाउडर और मयूर मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। इन नमूनों की प्रयोगशाला में जांच के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी।

अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने तथा दुकानों और भंडारण स्थलों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का कारोबार नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

इस जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, डेरिक तिग्गा तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी उपस्थित रहे।