रामगढ़, 13 जून: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने तथा परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले में नीट-2026 के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना और आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ शामिल हैं।
उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश और निकासी के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती करने को कहा गया। साथ ही परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं की जांच कर उन्हें दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने तथा पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी अधिकारियों को परीक्षा पूर्व केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने तथा परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।