रामगढ़, 23 मई: कुशवाहा धर्मशाला के समीप हुए चर्चित गोलीकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़ी एक मारुति वैगनआर कार को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि फायरिंग की घटना के बाद घायल युवक को इसी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान की गई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया गया। जांच एजेंसियां अब वाहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।
वहीं इस मामले के मुख्य आरोपी उतेश गोसाई की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है और जल्द ही कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व कुशवाहा धर्मशाला के पास हुई गोलीबारी में अंकित यादव घायल हो गया था। घटना के बाद रंगदारी, अवैध हथियार के इस्तेमाल और फायरिंग को लेकर रामगढ़ थाना में मामला दर्ज किया गया था।