नई दिल्ली : आम लोगों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में पिछले 10 दिनों के भीतर तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है। शनिवार सुबह 6 बजे से लागू नई दरों के अनुसार पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है।
नई कीमतों के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 108.49 रुपये और डीजल 95.02 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये तथा डीजल 97.02 रुपये प्रति लीटर हो गया है। चेन्नई में पेट्रोल 105.31 रुपये और डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार 15 मई को तेल कंपनियों ने पहली बार करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद 19 मई को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई और अब तीसरी बार कीमतें बढ़ाई गई हैं। इस तरह मई महीने में पेट्रोल-डीजल के दाम कुल मिलाकर लगभग 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण घरेलू बाजार में ईंधन महंगा हो रहा है। सरकारी तेल कंपनियां बढ़ी हुई लागत का असर धीरे-धीरे उपभोक्ताओं पर डाल रही हैं।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब परिवहन, खाद्य सामग्री और दैनिक जरूरत की वस्तुओं पर भी पड़ने की आशंका है। आम लोगों के साथ-साथ परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है।