लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर, उपायुक्त ने की यूटिलिटी टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक

Spread the News

रामगढ़, 24 मई: जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं परियोजनाओं से जुड़े लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीसीएल, विभिन्न कोल परियोजनाओं, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों से संचालित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने वनाधिकार अधिनियम (एफआरए), एनओसी, भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, ग्राम सभा तथा अन्य लंबित प्रक्रियाओं की क्रमवार समीक्षा करते हुए सभी मामलों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि जनहित एवं विकास से जुड़ी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं परियोजना अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया।

बैठक में अंचलवार समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों से भूमि विवाद, मुआवजा, अतिक्रमण, एनओसी एवं अन्य प्रशासनिक मामलों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने परियोजना अधिकारियों से कहा कि कार्यों के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं एवं अवरोधों की जानकारी जिला प्रशासन को नियमित रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि त्वरित समन्वय के माध्यम से समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा आमजन को इसका लाभ मिलेगा।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।