रामगढ़, 24 मई: आगामी बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति के सदस्यों से सुझाव लिए गए। उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बैठक के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में की गई सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहते हुए अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही पीसीआर एवं पैंथर टीमों को संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती एवं निरीक्षण करने को कहा गया।
उपायुक्त ने अफवाहों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना सामने आने पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूरे पर्व के दौरान सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने को कहा।
बैठक में प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी एवं उपयोग पर विशेष निगरानी रखने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं सोशल मीडिया एवं विभिन्न व्हाट्सएप समूहों पर निगरानी रखने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले आपत्तिजनक पोस्ट करने या साझा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित करने के भी निर्देश दिए, ताकि लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बना रहे।