नई दिल्ली/कोलकाता, 23 मई: सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार शुक्रवार को दिल्ली का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में शिष्टाचार मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन की ओर से सोशल मीडिया पर बैठक की तस्वीरें भी साझा की गईं।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में सुवेंदु अधिकारी की राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
गौरतलब है कि सुवेंदु अधिकारी ने 9 मई 2026 को पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 294 में से 207 सीटों पर कब्जा जमाया और 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया।
मुख्यमंत्री बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी लगातार प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर सक्रिय नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों के लिए विशेष आयोग गठित करने की घोषणा की थी। इसके अलावा राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सुधार को लेकर भी कई बड़े फैसले लिए गए हैं।