रजरप्पा मंदिर पुनर्विकास कार्यों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण,बस स्टैंड, एंट्री-एग्जिट गेट, घाट और दुकानों के निर्माण स्थलों का लिया जायजा

Spread the News

रामगढ़, 10 मई: रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने शनिवार को चितरपुर प्रखंड स्थित मां छिन्नमस्तिका सिद्ध पीठ रजरप्पा मंदिर परिसर का दौरा कर प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में प्रस्तावित विकास योजनाओं की रूपरेखा पर अधिकारियों एवं संबंधित सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रस्तावित बस स्टैंड, प्रवेश द्वार (एंट्री गेट), निकास द्वार (एग्जिट गेट), घाट निर्माण, दुकानों के निर्माण सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर किए जाएं।

उपायुक्त ने कहा कि रजरप्पा मंदिर झारखंड का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर के समुचित विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाया गया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य हटाए गए दुकानदारों को चिन्हित खाली स्थानों पर पुनर्स्थापित करना है, जिसके लिए जगहों का चिन्हांकन किया जा रहा है।

दौरे के दौरान उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न समस्याओं और सुझावों को उपायुक्त के समक्ष रखा, जिन्हें उन्होंने गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आवश्यक समाधान का आश्वासन दिया।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ अनुराग कुमार तिवारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, अंचल अधिकारी चितरपुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।