तमिलनाडु में सियासी भूचाल: विजय की TVK को समर्थन देने की मांग पर AIADMK में बगावत के संकेत, 30 से अधिक विधायक टूटने की चेतावनी

Spread the News

चेन्नई, 07 मई: तमिलनाडु की राजनीति में विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने 108 सीटें जीतकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया है। हालांकि बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से पार्टी अभी भी 10 सीट पीछे है।

इसी बीच विपक्षी दल एआईएडीएमके के भीतर भारी हलचल शुरू हो गई है। पार्टी के 47 विधायकों में से बड़ी संख्या विजय की TVK को समर्थन देने के पक्ष में बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार एआईएडीएमके विधायक दल की प्रस्तावित बैठक भी टाल दी गई है, जिससे पार्टी में अंदरूनी मतभेद की अटकलें और तेज हो गई हैं।

खबर है कि AIADMK के वरिष्ठ नेता Edappadi K. Palaniswami पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे TVK को समर्थन देने पर फैसला लें। पार्टी के असंतुष्ट विधायकों ने अप्रत्यक्ष रूप से चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 30 से अधिक विधायक अलग होकर विजय को समर्थन दे सकते हैं।

बताया जा रहा है कि इस संभावित बगावत का नेतृत्व AIADMK के वरिष्ठ नेता C. V. Shanmugam कर रहे हैं। चेन्नई स्थित उनके कार्यालय और आवास पर कई विधायकों की बैठक होने की चर्चा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक दो-तिहाई से अधिक AIADMK विधायक TVK के साथ जाने के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं।

हालांकि AIADMK नेतृत्व ने आधिकारिक तौर पर विजय की पार्टी को समर्थन देने से इनकार किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने साफ कहा है कि “किसी भी परिस्थिति में” TVK को समर्थन नहीं दिया जाएगा।

राज्य में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। कांग्रेस पहले ही TVK को समर्थन देने के संकेत दे चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विजय की पार्टी को बहुमत के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत बनी हुई है। ऐसे में AIADMK के भीतर मची हलचल तमिलनाडु की राजनीति को नए मोड़ पर ले जा सकती है।