डिमरा विद्यालय में अव्यवस्था पर भड़के उपायुक्त, 9 शिक्षकों के वेतन पर लगी रोक

Spread the News

रामगढ़, 08 मई: गोला प्रखंड के दौरे के दौरान उपायुक्त श्री ऋतुराज ने प्लस टू उच्च विद्यालय डिमरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में साफ-सफाई, पठन-पाठन एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण में विद्यालय परिसर में जगह-जगह गंदगी पाई गई तथा विभिन्न अभिलेख एवं पंजी अद्यतन नहीं मिले। इस पर उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को फटकार लगाते हुए नियमित साफ-सफाई एवं पंजी संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने विद्यालय में संचालित लैब, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय एवं शौचालयों का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान ये सभी व्यवस्थाएं गैर-कार्यशील पाई गईं। इस पर उन्होंने संबंधित प्रभारी से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टिकरण देने का निर्देश देते हुए सभी सुविधाओं को शीघ्र चालू कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के कई शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिससे पढ़ाई बाधित हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित 9 शिक्षकों के वेतन निकासी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों में केवल उपस्थिति दर्ज कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित कक्षाओं का संचालन, शिक्षण सामग्री की उपलब्धता एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विद्यालय के रसोईघर की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई। उपायुक्त ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था में सुधार लाने तथा स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित प्रखंड एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कराने का निर्देश भी दिया गया।