गोला में बनेगा आधुनिक मार्केटिंग परिसर, उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

Spread the News

रामगढ़, 08 मई: गोला क्षेत्र के डीवीसी चौक के समीप प्रस्तावित मार्केटिंग परिसर निर्माण को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित भूमि, उपलब्ध संसाधनों एवं निर्माण कार्य की संभावनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं एवं सुझावों को विस्तार से सुना। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि मार्केटिंग परिसर बनने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कराया जाएगा।

उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं संबंधित अभियंताओं को संयुक्त रूप से समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थल की तकनीकी एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं का आकलन कर जल्द एक समग्र रोडमैप तैयार किया जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रस्तावित मार्केटिंग परिसर का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं दीर्घकालिक दृष्टिकोण से किया जाए, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी प्रक्रियाएं पूरी कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।