रामगढ़, 07 मई: जिला निर्वाचन कार्यालय के कार्यों की समीक्षा को लेकर बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति का जायजा लेते हुए उपायुक्त ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिला निर्वाचन कार्यालय में स्वीकृत एवं कार्यरत कर्मियों की स्थिति की जानकारी उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता से प्राप्त की। उन्होंने उपलब्ध मानव संसाधन एवं उनके कार्य निष्पादन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों—फॉर्म 6 (नाम जोड़ने), फॉर्म 7 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म 8 (संशोधन) के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे डोर-टू-डोर सर्वे की भी समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर जाकर सर्वे करने तथा निर्धारित स्टीकर चिपकाने का निर्देश दिया। साथ ही ASDD (Absent, Shifted, Death, Duplicate) सूची में शामिल मतदाताओं के सत्यापन को पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ करने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी प्रक्रियाओं को नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाना अनिवार्य है।