कमर्शियल गैस आपूर्ति पर सख्त हुए उपायुक्त, कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

Spread the News

रामगढ़, 30 अप्रैल: जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति एवं आवश्यकताओं की गहन समीक्षा की गई।

इस दौरान उपायुक्त ने Indian Oil Corporation Limited (IOCL), Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) सहित अन्य गैस आपूर्ति एजेंसियों से वितरण व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति एवं आपूर्ति प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसियों को निर्देश दिया कि गैस वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी स्तर पर अनियमितता न हो।

उपायुक्त ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा मांगी गई गैस कनेक्शन एवं सिलेंडरों की लंबित मांगों की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी गैस एजेंसियों का दो दिनों के भीतर निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। आम लोगों को नियमित एवं निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने पर बल देते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि गैस की कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।