रांची/हैदराबाद, 30 अप्रैल: झारखंड की राजधानी रांची में पली-बढ़ी आईपीएस अधिकारी स्वाति लकड़ा ने भारतीय पुलिस सेवा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। तेलंगाना कैडर की 1995 बैच की इस वरिष्ठ अधिकारी को डायरेक्टर जनरल (DG) रैंक में पदोन्नति दी गई है। इसके साथ ही वह देश की पहली अनुसूचित जनजाति (ST) महिला अधिकारी बन गई हैं, जो पुलिस सेवा के इस सर्वोच्च स्तर तक पहुंची हैं।
पदोन्नति के तुरंत बाद उन्होंने तेलंगाना में स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स (SPF) के महानिदेशक के रूप में पदभार संभाल लिया। स्वाति लकड़ा की पहचान एक सख्त, कुशल और नवाचारप्रिय अधिकारी के रूप में रही है। महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उनकी पहल ‘SHE Teams’ को देशभर में सराहा गया, जिसने छेड़छाड़ और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जागरण संवाददाता से बातचीत में उन्होंने रांची के अपने स्कूली दिनों और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि यहीं से मिली सीख और संस्कार ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उनकी यह उपलब्धि झारखंड, आदिवासी समाज और देश की महिलाओं के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।