झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: 18 जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का यलो अलर्ट

Spread the News

रांची, 25 अप्रैल: झारखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि शनिवार से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

राजधानी रांची सहित राज्य के 18 जिलों में आज मेघ गर्जन, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। दोपहर बाद से ही कई इलाकों में बादल छाने और मौसम के करवट लेने के आसार हैं। इसे लेकर विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल को रांची, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं तेज आंधी चलने की संभावना है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, तेज हवा और वज्रपात को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।