राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के छात्रों का आईआईएलएम रांची में कानूनी माप विज्ञान प्रशिक्षण, 53 विद्यार्थियों ने लिया व्यावहारिक ज्ञान

Spread the News

रामगढ़, 24 अप्रैल 2026: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्रों ने शुक्रवार को रांची स्थित भारतीय विधिक माप विज्ञान संस्थान में कानूनी माप विज्ञान पर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को माप-तौल, मानकीकरण एवं उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी देना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 53 छात्रों ने हिस्सा लिया। इनमें इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के 30, प्रबंधन विभाग के 13 तथा कंप्यूटर साइंस एवं टेक्नोलॉजी विभाग के 10 छात्र शामिल रहे। इस दौरान इंजीनियरिंग संकाय से डॉ. अवनीश कुमार, डॉ. विश्वदीपक कुमार, सौरभ कुमार, शैलेंद्र कुमार, सावित्री कुमारी तथा कंप्यूटर एंड टेक्नोलॉजी संकाय से विपुल कुमार भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के विशेषज्ञों ने छात्रों को माप-तौल से जुड़े नियमों, उपकरणों की सटीकता, उपभोक्ता संरक्षण एवं कानूनी मानकों के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों ने संस्थान की प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर आधुनिक उपकरणों के संचालन को भी करीब से समझा।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें वास्तविक जीवन में उसके अनुप्रयोग को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

सचिव प्रियंका कुमारी ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। वहीं, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र बहुआयामी सीखने के प्रति प्रतिबद्ध हैं और ऐसे अनुभव उनके व्यावसायिक कौशल को सुदृढ़ करेंगे।

कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने संयुक्त रूप से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता पर सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई दी।